Uttarakhand
गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने को प्रदेशभर में अभियान, 74 सिलेंडर जब्त
देहरादून: मध्य एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंकाओं के बीच उत्तराखंड में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर सरकार सतर्क हो गई है। हालांकि राज्य सरकार का कहना है कि उत्तराखंड समेत देशभर में घरेलू गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
सिलेंडर की कालाबजारी के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान
इसी के चलते एलपीजी और अन्य ईंधन की उपलब्धता व वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाना है। विभाग ने 10 मार्च से प्रदेशभर में निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई शुरू की है।
तीन दिनों में 58 जगहों पर छापेमारी, 74 गैस सिलेंडर जब्त
नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के आयुक्त के मुताबिक, 10 मार्च से 12 मार्च के बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 280 निरीक्षण किए गए। इस दौरान 58 स्थानों पर छापेमारी की गई। अभियान के दौरान अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, भारी जुर्माना
कार्रवाई के दौरान 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा एक काटा (वजन मापने का उपकरण) और दो अवैध रिफिलिंग किट भी जब्त की गई हैं। अनियमितताओं के मामलों में विभाग ने 4600 रुपये का जुर्माना भी वसूला है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर गैस और ईंधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे में कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी एलपीजी या अन्य ईंधन की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
सर्वर में तकनीकी खामियों के चलते नहीं हो रही ऑनलाइन बुकिंग
दरअसल, ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव को लेकर लोगों में गैस की संभावित कमी को लेकर आशंका बनी हुई है, जिससे कुछ जगहों पर पैनिक का माहौल देखा जा रहा है। इसके अलावा तकनीकी सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण भी कुछ उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
विभाग का दावा- प्रदेश में गैस पर्याप्त मात्र में उपलब्ध
इसी वजह से कई लोग एहतियात के तौर पर गैस एजेंसियों पर सिलेंडर भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा सिलेंडरों का भंडारण, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग करने के मामले सामने आए हैं।
ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में सघन निरीक्षण और छापेमारी का अभियान लगातार जारी है।