
देवभूमि उत्तराखंड में विकास और सुशासन के चार वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित भव्य कार्यक्रम आज हरिद्वार में आयोजित हो रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे हरिद्वार
गृह मंत्री अमित शाह देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही पुष्पगुच्छ भी भेंट किया। इसके बाद गृह मंत्री हरिद्वार के लिए रवाना हुए। हरिद्वार के बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर गृह मंत्री ने पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
1129.91 करोड़ की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
आपको बता दें कि आज हरिद्वार में गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम में कई परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इसमें 312.31 करोड़ की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास, 115.09 करोड़ की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।