Uttarakhand
गर्मी के बीच जिला अस्पताल पहुंचे डीएम मनीष कुमार, मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा
चंपावत : जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को जिला अस्पताल चंपावत का औचक निरीक्षण कर मरीजों और तीमारदारों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत परखी। बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए डीएम ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
गर्मी के बीच जिला अस्पताल पहुंचे डीएम मनीष कुमार
गर्मी के डीएम मनीष कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर में पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, जन औषधि केंद्र, शौचालयों की साफ-सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और अधिक बेहतर एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
आईसीयू वार्ड में पहुंचकर की डीएम एसी और उपकरणों की जांच
डीएम ने अस्पताल के आईसीयू वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड में साफ-सफाई, वातानुकूलन व्यवस्था, चिकित्सीय उपकरणों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल में लगे एसी की नियमित सर्विसिंग कराई जाए ताकि भीषण गर्मी में मरीजों और तीमारदारों को राहत मिल सके।
अस्पताल में पानी की पर्याप्त उपलब्धता के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिला अस्पताल में पेयजल और जलापूर्ति व्यवस्था हर समय सुचारु रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पानी की उपलब्धता बाधित होने पर मरीजों और तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डिलाधिकारी ने तीमारदार से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में मौजूद एक तीमारदार से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सहज व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।