Punjab

क्या हुई है बीमारी; भगवंत मान की तबीयत पर सियासी बवाल, अकाली दल ने की मेडिकल बुलेटिन की मांग

Published

on

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को तबीयत बिगड़ने के कारण मोहाली के फॉर्टिस हॉ​स्पिटल में भर्ती करवाया गया है। सीएम मान बुधवार देर रात तीन बार बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उनकी हालत ​स्थिर बताई जा रही है। आम आदमी पार्टी पंजाब ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की बीमारी को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। बस, कहा है कि मुख्यमंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी गहन जांच की जा रही है। उनकी सेहत ठीक है और उन्हें कुछ जरूरी जांच के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। 

सीएम मान नियमित जांच के लिए आए थे और उनकी हालत ठीक है। कोई घबराने और चिंता वाली बात नहीं है। वहीं, हॉ​स्पिटल की तरफ से भी उनकी सेहत को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने फोन पर सीएम भगवंत मान का हालचाल लिया है।

मजीठिया ने जताई लिवर प्रत्यारोपण की आशंका

सीएम मान के स्वास्थ्य को लेकर अकाली दल ने मुख्यमंत्री मान और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। साथ ही मांग की कि वे उनके ठिकाने और बीमारियों के बारे में बताएं। शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने एक्स पर वीडियो जारी कर पंजाब सरकार और फोर्टिस अस्पताल से स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करने की मांग की है। मजीठिया का कहना है कि मुख्यमंत्री मान गंभीर लिवर की बीमारी लिवर सिरोसिस से जूझ रहे हैं। 

मजीठिया ने 9 मिनट से अधिक का वीडियो जारी कर कहा कि आम आदमी पार्टी बता रही कि मुख्यमंत्री नियमित जांच के लिए गए हैं, जबकि यह पूरी तरह झूठ है। उन्होंने सवाल उठाया कि नियमित जांच तो कुछ घंटों में हो जाती है, लेकिन यह रात से क्यों भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की संवेदनशीलता को देखते हुए स्वास्थ्य का हाल बताना जरूरी है। मजीठिया ने मुख्यमंत्री को फेफड़े संबंधित बीमारी और लीवर प्रत्यारोपण की आशंका जताई है।

17 सितंबर को चंडीगढ़ एयरपोर्ट बिगड़ी थी तबीयत

इससे पहले 17 सितंबर को भी भगवंत मान की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, तब वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मौजूद थे। इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि सीएम मान पेट के इन्फेक्शन से जूझ रहे हैं। कांग्रेस और अकाली दल ने तब भी मुख्यमंत्री मान और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसका खंडन करते हुए कहा था कि अगर वह जूते बांधने के लिए जमीन पर भी बैठ जाएं तो उनके विरोधी कहेंगे कि वह गिर गए हैं।

​रिपोर्ट: मोनी देवी

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version