Uttarakhand

कोसी नदी में डूबने से युवती की मौत, गर्जिया देवी मंदिर के पास नहाने के दौरान हुआ हादसा

Published

on

रामनगर : रामनगर स्थित प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर के समीप कोसी नदी में नहाने के दौरान एक 24 वर्षीय युवती की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई,हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी शोक की लहर दौड़ गई,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोसी नदी में डूबने से युवती की मौत

मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र की नई बस्ती में पिछले कई दिनों से भागवत कथा का आयोजन चल रहा था,कथा के समापन के बाद रविवार को गांव के श्रद्धालु तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर जल विसर्जन और दर्शन के लिए गिरिजा देवी मंदिर पहुंचे थे,मंदिर में पूजा-अर्चना और जल विसर्जन के बाद श्रद्धालु कोसी नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान होराम सिंह की 24 वर्षीय पुत्री निशु अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ नदी में नहा रही थी।

गर्जिया देवी मंदिर के पास नहाने के दौरान हुआ हादसा

बताया जाता है कि स्नान के दौरान निशु और उसकी मौसेरी बहन वर्षा अचानक गहरे पानी के बहाव में फंस गईं, दोनों ने मदद के लिए शोर मचाया। जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों और रिश्तेदारों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद वर्षा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन निशु तेज बहाव और गहरे पानी में डूब गई।  घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक तलाश अभियान चलाया। बाद में निशु को नदी से बाहर निकालकर बेहोशी की हालत में तत्काल रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम 

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि निशु अपने परिवार की इकलौती बेटी थी और दो भाइयों की सबसे छोटी बहन थी, उसने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव और परिजनों में शोक का माहौल बना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version