Uttarakhand

कोटद्वार में अगले सप्ताह से शुरू होगी टेलीमेडिसन सेवा, एम्स ऋषिकेश ने किया सफल ट्रायल

Published

on

कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश द्वारा टेलीमेडिसन सेवा का सफल ट्रायल किया गया।

कोटद्वार में अगले सप्ताह से शुरू होगी टेलीमेडिसन सेवा

ट्रायल के दौरान चिकित्सकीय परामर्श एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया जो सफल रहा। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड और विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने बताया कि इस सेवा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे गंभीर एवं जटिल बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को बार-बार ऋषिकेश या अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में जाने की आवश्यकता कम होगी और समय व धन दोनों की बचत होगी।

एम्स ऋषिकेश ने किया सफल ट्रायल

ऋतु खण्डूडी भूषण ने बताया कि अगले सप्ताह से राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में टेलीमेडिसन सेवा नियमित रूप से प्रारंभ कर दी जाएगी। इस सुविधा के माध्यम से मरीज एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परामर्श प्राप्त कर सकेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

टेलीमेडिसन सेवा क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी

ऋतु खण्डूडी भूषण ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए एम्स ऋषिकेश और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार व आधुनिकीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टेलीमेडिसन सेवा क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने निकट उपलब्ध हो सकेंगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version