Uttarakhand

कुंभ में श्रद्धालुओं को मिलेगी मुफ्त नेत्र चिकित्सा, धामी सरकार ने दिया सहयोग का भरोसा

Published

on

हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सभागार में नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने आयोजन के लिए ‘सक्षम’ एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान मानव सेवा और परोपकार की हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

कुंभ में श्रद्धालुओं को मिलेगी मुफ्त नेत्र चिकित्सा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाले 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख निःशुल्क चश्मों के वितरण तथा 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। महाशिविर में निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि इस अभियान की सफलता के लिए राज्य सरकार एवं कुंभ मेला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में कुंभ आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व होने के साथ ही सेवा, सहयोग और परोपकार का भी संदेश देता है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुंभ इसी सेवा भावना को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

धामी सरकार ने दिया सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी अनेक लोग आर्थिक अभाव एवं चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण समय पर अपनी आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से प्रारंभ हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इसके आयोजन किए गए। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के नेत्र ऑपरेशन किए गए हैं। हरिद्वार में नेत्र कुंभ-2027 के आयोजन से इस सेवा अभियान को और विस्तार मिलेगा।

देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य एवं सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात एवं पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभ में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कुंभ के सफल आयोजन में सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ के इस सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version