Uttarakhand
किसान महापंचायत में सरकार को चेतावनी, किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन
रुड़की : उत्तराखंड किसान मोर्चा की ओर से एसडीएम चौक पर किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें गन्ना भुगतान, बिजली विभाग की छापेमारी, स्मार्ट मीटर, सिंचाई के पानी, चकबंदी विभाग किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
किसान महापंचायत में सरकार को चेतावनी
महापंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और गन्ना मिल की भूमि का मूल्यांकन कराने का आश्वासन दिया। महापंचायत के बाद निर्णय लिया गया कि तहसील में पिछले 62 दिनों से चल रहा धरना मिल की भूमि का मूल्यांकन होने तक धरना जारी रहेगा।
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन
राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि किसान मोर्चा पिछले दो महीने से तहसील में धरना दे रहा है। इस दौरान मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी, गन्ना मंत्री और मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याओं से अवगत करा चुका है। सभी स्तरों पर गन्ना भुगतान समेत अन्य समस्याओं के समाधान का ठोस आश्वासन मिला,लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी मिल और सरकार की मिलीभगत के कारण वर्षों से बकाया 130करोड गन्ना भुगतान नहीं हो पा रहा है।
किसान अपनी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए भी भटक रहे
किसानों को उनका पैसा दिलाने में नेताओं और सरकार की कोई रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान अपना गन्ना भुगतान लेकर रहेंगे, इसके लिए चाहे कितना भी बड़ा आंदोलन क्यों न करना पड़े। इस दौरान गुलशन रोड ने गन्ना मंत्री को सबसे बड़ा नकारा इंसान बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज किसान अपनी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए भी भटक रहे हैं