Uttarakhand

कार धुलवाकर लौट रहे थे दो युवक, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार एक की मौत, दूसरा घायल

Published

on

उत्तरकाशी। जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कार धुलवाकर घर लौट रहे दो युवकों की कार खालसी रोड पर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, खालसी निवासी सूरज (24) पुत्र श्याम सिंह और सुमन पंवार (25) पुत्र चंदर सिंह मंडरसगाड़ से अपनी कार की धुलाई कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खालसी रोड पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा समाई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, राजस्व पुलिस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम खाई में उतरकर शुरू किए गए राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घायल युवक को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

तहसीलदार धीरेंद्र कुमांई ने बताया कि दुर्घटना में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन के अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खालसी रोड पर कई स्थानों पर तीखे मोड़ और गहरी खाइयां हैं, जिससे यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version