Uttarakhand

कारगिल विजय दिवस पर देशभक्ति के गीतों से गूंजेगा शहर, स्कूली बच्चों के बीच होंगी प्रतियोगिताएं

Published

on

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ‘कारगिल विजय दिवस’ को ’शौर्य दिवस’ के रूप में बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। आगामी 26 जुलाई को मुख्य आयोजन देहरादून के ऐतिहासिक गांधी पार्क में होगा, जहाँ मुख्य अतिथि के रूप में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देश की रक्षा में सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और माताओं को विशेष रूप से सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम की भव्यता और तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा ने कलक्ट्रेट में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरी तरह मुकम्मल कर लिया जाए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति के गीतों से गूंजेगा शहर

शौर्य दिवस के गौरवमयी अवसर पर शहर को देशभक्ति के रंग में सराबोर करने की पहल भी होगी। संस्कृति विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे आयोजन से ठीक एक दिन पहले, यानी 25 जुलाई की शाम 5 बजे से शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति के गीतों का प्रसारण शुरू कराएं। इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रम में भी उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

स्कूली बच्चों के बीच होंगी प्रतियोगिताएं

भावी पीढ़ी को देश के वीरों के पराक्रम से परिचित कराने के लिए शिक्षा विभाग को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत स्कूलों में जूनियर वर्ग के बच्चों के लिए पेंटिंग और सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं की सूची मुख्य कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध कराई जाएगी, जहाँ उन्हें मंच से पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।

अधिकारियों को सौंपी गई ये अहम जिम्मेदारियाँ

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए विभिन्न विभागों को जरूरी निर्देश दिए। सैनिक कल्याण व परिवहन विभाग को कारगिल शहीदों के आश्रितों, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों को ससम्मान कार्यक्रम स्थल तक लाने और वापस ले जाने के लिए वाहनों की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा गया। नगर निगम को गांधी पार्क और उसके आसपास की सड़कों व प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा मोबाइल टॉयलेट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सैनिक कल्याण विभाग को आयोजन स्थल पर मानक के अनुरूप वॉटरप्रूफ टेंट, बैरिकेडिंग, वीआईपी सीटिंग, स्टेज, भव्य सजावट और शुद्ध पेयजल का इंतजाम करने तथा पुलिस व ट्रैफिक विभाग को कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए एसपी ट्रैफिक को प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version