Uttarakhand
इंडियन एक्सप्रेस की ताकतवर हस्तियों की लिस्ट में सीएम धामी को मिली बड़ी उछाल , 32वीं रैंक की हासिल….
देहरादून : उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिष्ठित समाचार पत्र इंडियन एक्सप्रेस द्वारा जारी की गई “100 सर्वाधिक ताकतवर भारतीय हस्तियों” की लिस्ट में 32वीं रैंक हासिल की है। यह उनके पिछले एक साल के शानदार कार्यकाल की बदौलत संभव हो पाया है, जिसमें उन्होंने राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव किए और कई अहम योजनाओं को लागू किया।
पिछले साल 61वीं रैंक पर रहे मुख्यमंत्री धामी की इस वर्ष रैंक में जबरदस्त उछाल आया है। इंडियन एक्सप्रेस ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह स्थान प्रदान किया, विशेष रूप से उनके द्वारा उत्तराखण्ड में समान नागरिक संहिता लागू करने के महत्वपूर्ण कदम को सराहा गया। अखबार के मुताबिक, उत्तराखण्ड की समान नागरिक संहिता अब अन्य राज्यों के लिए एक ब्ल्यू प्रिंट के रूप में कार्य कर रही है, और इसके बाद गुजरात ने भी अपनी राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए समिति गठित की है।
इसके अतिरिक्त, इंडियन एक्सप्रेस ने मुख्यमंत्री धामी को राज्य में राजनीतिक स्थिरता स्थापित करने का भी श्रेय दिया है। 2017 से 2022 तक तीन मुख्यमंत्री बदलने के बाद, पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में राजनीतिक स्थिरता लौटी है। राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय खेलों का आयोजन भी मुख्यमंत्री की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा ने लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में शानदार सफलता हासिल की है, और अब उनका लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनावों पर है। अखबार ने मुख्यमंत्री के कार्यों और उनकी नीति के प्रभाव को व्यापक रूप से सराहा है।
इंडियन एक्सप्रेस द्वारा हर साल जारी की जाने वाली इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले स्थान पर, गृहमंत्री अमित शाह दूसरे स्थान पर, और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत चौथे स्थान पर हैं। इसके अलावा, उद्योगपति मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद, क्रिकेटर रोहित शर्मा, विराट कोहली, बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस सूची में शामिल हैं।