Connect with us

Uttarakhand

आपसी विवाद से उपजे झगड़े में काट डाला युवक का अंगूठा, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Published

on

आपसी विवाद से उपजे झगड़े में काट डाला युवक का अंगूठा, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल


पौड़ी: पिछले कुछ समय से उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों से गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आने लगी हैं, जो पहाड़ और गांव अपनी शांत वादियों और आपसी सौहार्द के लिए पहचाने जाते थे, वहां से भी आए दिन गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला पौड़ी जिले के राजस्व क्षेत्र का है, जहां आपसी विवाद के चलते एक युवक ने दूसरे युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।

पौड़ी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में गंभीर आपराधिक घटना

पुलिस के मुताबिक, आकाश नामक युवक ने झगड़े के दौरान धारदार ‘पाठल’ (तेजधार हथियार) से जगमोहन पर हमला किया, जिससे जगमोहन के दाहिने हाथ का अंगूठा पूरी तरह से कट गया। घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

धारधार हथियार से जानलेवा हमला

पुलिस ने बताया कि, पौड़ी के कोट ब्लॉक के अंतर्गत राजस्व क्षेत्र बनगड़स्यू निवासी जगमोहन ने कोतवाली पौड़ी में एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें पीड़ित ने आरोप लगाया कि बीती रात आकाश कुमार जबरन उनके घर के आंगन में घुस कर आया। जिसके बाद आरोपी ने उनके पिता और उनके साथ गाली-गलौज और झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े के दौरान आरोपी आकाश ने धारदार पाठल (तेजधार हथियार) से जगमोहन पर जानलेवा हमला किया, जिससे पीड़ित के दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। घटना राजस्व क्षेत्र बनगड़स्यू में घटित होने के चलते प्रारंभिक रूप से कोतवाली पौड़ी में मुकदमा बीएनएसएस के तहत पंजीकृत किया गया।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया

इसके बाद राजस्व पुलिस चौकी द्वारा संबंधित मामले में अभियोग पंजीकृत किया गया। और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के मुताबिक प्रकरण को राजस्व पुलिस से स्थानांतरित करते हुए नियमित पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लिया और निष्पक्ष, शीघ्र एवं ठोस जांच कर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। उनके निर्देशों के अनुपालन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्यों को एकत्रित करते हुए मामले की गहन विवेचना शुरू की।

जांच प्रक्रिया के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त आकाश को ग्राम बालमणा से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार पाठल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement