Uttarakhand
अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच अब रात को बंद रहेगा ट्रैफिक, जानिए कब तक और क्यों लागू है पाबंदी
अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच पर ट्रैफिक पर पाबंदी लगाई गई है। हाईवे पर पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों को देखते हुए प्रशासन ने रात के समय यहां से आवाजाही पर प्रतिबंध की मियाद और बढ़ा दी है। अब 29 अक्तूबर तक रात आठ से सुबह सात बजे बजे तक एनएच पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान पहाड़ी की मरम्मत का काम किया जाएगा।
क्वारब की पहाड़ी बीते एक पखवाड़े से मुसीबत का सबब बनी है। आए दिन पहाड़ी के दरकने से आवाजाही बाधित हो रही है। इससे लोग जाम में तो फंस ही रहे हैं, ऊपर से खतरा भी पैदा हो रहा है।
परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने 15 से 21 अक्तूबर तक रात आठ से सुबह छह बजे तक रात के समय आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया था। लेकिन इस दौरान रात के समय ट्रीटमेंट का काम नहीं हो पाया।
अब यह मियाद पूरी हो गई तो प्रशासन ने अगले सात दिन तक की समय सीमा और बढ़ा दी है। लेकिन इस बार सुबह के समय में परिवर्तन किया गया है। एनएच सुबह छह के बजाए सात बजे खुलेगा।
एनएच अधिकारियों के मुताबिक रात के समय पहाड़ी को काटा जाएगा। जिससे की समस्या का ठोस समाधान निकाला जा सके। पहाड़ी में मिली हैं गहरी दरारें कुछ दिन पूर्व भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की टीम ने क्वारब की पहाड़ी का निरीक्षण किया था।
टीम ने पाया कि पहाड़ी में गहरी दरारें पड़ गई हैं। इसके बाद टीम ने डीएम को रिपोर्ट सौंपी। टीमों ने रिपोर्ट का अध्ययन कर लिया है। अब रिपोर्ट के आधार पर वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत ही क्वारब की पहाड़ी का ट्रीटमेंट किया जाएगा।
पत्थर गिरने का जारी रहा सिलसिला
क्वारब की पहाड़ी से यात्रियों को सोमवार को भी राहत नहीं मिली। सुबह से ही रुक-रुक कर मलबे के साथ बोल्डरों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। इससे आवाजाही करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासन की ओर से मौके पर दो जेसीबी तैनात की गई हैं। जिससे मलबा आने पर आवाजाही सुचारु रखी जाए।